वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी राजकुमार सिंह भंडारी का निधन
वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी राजकुमार सिंह भंडारी का निधन

जोधपुर 5 अगस्त। जोधपुर के प्रख्यात वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी एवं दैनिक प्रतिनिधि के संपादक व प्रकाशक राजकुमार सिंह भंडारी का मंगलवार सुबह निधन हो गया। वे 83 वर्ष के थे। उनके निधन से पत्रकारिता, समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में एक युग का अंत हो गया है। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
राजकुमार सिंह भंडारी पिछले कई दशकों से पत्रकारिता और सामाजिक कार्यों में सक्रिय थे। उन्हें जोधपुर की पत्रकारिता का पितामह कहा जाता था। समाज सेवा, गौसेवा, निर्धनों की मदद और सामाजिक सुधार के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा है। वे जैन समाज के प्रमुख सुधारकों में गिने जाते थे, और समाज को जागरूक करने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शहर के कई वरिष्ठजनों, पत्रकारों, समाजसेवियों और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। वे न केवल एक निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकार थे, बल्कि एक संवेदनशील इंसान भी थे जो हर समय जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे।
उनका जीवन संघर्ष, सेवा और समाज के लिए समर्पण का प्रतीक था। 30-40 वर्षों से वे सामाजिक सुधार की हर गतिविधि में अग्रणी भूमिका निभाते रहे। चाहे वह किसी गरीब की सहायता करनी हो, गौसेवा से जुड़ी पहल हो, या समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठानी हो – भंडारी जी सदैव आगे रहते थे।
उनकी अंतिम यात्रा बुधवार सुबह 10:30 बजे उनके निवास स्थान, सेक्टर-7 के सामने से प्रारंभ होकर सिवांची गेट स्थित स्वर्गाश्रम मोक्षधाम पहुंचेगी, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।