टॉप न्यूज़लोकल न्यूज़

विद्यार्थी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

छात्राओं ने सीखी स्वच्छता की जिम्मेदारी

जोधपुर, 1 अगस्त। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (RUIDP) के जन जागरूकता एवं जन सहभागिता कार्यक्रम के तहत गुरुवार को श्रीमती सरला गर्ग राजकीय उच्च माध्यमिक बालिका विद्यालय, शास्त्री नगर, जोधपुर में एक विद्यार्थी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य परियोजना कार्यों में जन सहभागिता को सुनिश्चित करना तथा छात्राओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम का आयोजन आर.यू.आई.डी.पी. के अधीक्षण अभियंता श्री शिवराम सोनी के निर्देशन में किया गया। सामाजिक विकास विशेषज्ञ श्री संतलाल सारण ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि घरेलू ठोस कचरे को सीवरेज लाइनों में प्रवाहित करना अनुचित है, जिससे नालियां अवरुद्ध हो जाती हैं और गंदगी फैलने से मच्छरजनित रोग जैसे डेंगू, मलेरिया आदि फैलने की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने सलाह दी कि रसोईघर और स्नानगृह के जल निकासी बिंदुओं पर जालियां अवश्य लगाई जाएं और वर्षा जल को सीवरेज प्रणाली से न जोड़ा जाए।

छात्राओं को पोस्टर एवं संवाद के माध्यम से सीवरेज प्रणाली के सही उपयोग, ठोस कचरे के समुचित निस्तारण एवं दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने के महत्व की जानकारी दी गई। श्री सारण ने बल दिया कि स्वच्छता एक आदत के रूप में विकसित की जानी चाहिए, क्योंकि यह सामाजिक जिम्मेदारी और सम्मान का प्रतीक है।

रूडिप परियोजना से जुड़े कार्यों की जानकारी श्री धीरेन्द्र वैष्णव द्वारा दी गई। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती कमलेश पंवार ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे इस कार्यक्रम से प्राप्त जानकारी को अपने घर-परिवार और पड़ोस में भी साझा करें ताकि समाज में स्वच्छता के प्रति सामूहिक चेतना विकसित हो सके।

कार्यक्रम में विद्यालय की अध्यापिकाओं श्रीमती रूपेश पंवार, श्रीमती कान्ता परमार, श्रीमती शंकुतला एवं श्रीमती कृती परमार सहित संवेदक संस्था ईगल इन्फ्राटेक से एस.ओ.टी. लक्ष्मी सैनी और श्री मुनालाल ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!